आजादी की लौ जलाने वाले मंगल पांडे को फांसी

0
Mangal_Pandey_1-1024x768

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: इतिहास में आठ अप्रैल का दिन आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले लोगों के नाम दर्ज है। वर्ष 1857 में आठ अप्रैल के दिन ही मंगल पांडे को फांसी दी गई थी। इस दिन के साथ एक और घटना भी जुड़ी है। भगत सिंह और बटुकेश्वर दत्त जैसे आजादी के परवानों ने आठ अप्रैल 1929 को दिल्ली के ‘सेंट्रल असेंबली हॉल’ में बम फेंका था। इस बम धमाके का मकसद किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं बल्कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की तरफ दुनिया का ध्यान आकृष्ट करना था। इस घटना के बाद सिंह और दत्त दोनों ने आत्मसमर्पण कर दिया था और बाद में कुछ समाचार पत्रों की खबरों ने उन्हें यह कहते हुए उद्धृत किया कि यह ‘प्रशासन की प्रणाली को बदलने’ को लेकर केवल ‘सरकार के लिए खतरे का संकेत’ था।
आठ अप्रैल 2025 को, टेलीविजन शृंखला ‘डेनिस दल मेनिस’ के चार सीजन में भूरे बालों वाले शरारती बच्चे की भूमिका निभाने वाले जे नॉर्थ का 73 साल की आयु में अमेरिका के लेक बटलर में निधन हो गया। नॉर्थ जब छह वर्ष के थे, तब उन्हें हैंक केचम की लोकप्रिय कॉमिक शृंखला के धारावाहिक रूपांतरण में मुस्कुराते हुए शरारती बच्चे की भूमिका निभाने को मिली थी।

साल 1959 में शुरू हुई इस धारावाहिक शृंखला में डेनिस के धैर्यवान माता-पिता की भूमिका हर्बर्ट एंडरसन और ग्लोरिया हेनरी ने निभाई थी।

देश दुनिया के इतिहास में आठ अप्रैल की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-

1857 : ब्रिटिश सरकार के खिलाफ बगावत की चिंगारी भड़काने वाले बैरकपुर रेजीमेंट के सिपाही मंगल पांडे को फांसी दी गई।
1894 : भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय का कलकत्ता में निधन।
1929 : क्रांतिकारी भगत सिंह और बटुकेश्‍वर दत्त ने दिल्ली असेंबली हॉल में बम फेंका और गिरफ्तारी दी।
1950 : भारत और पाकिस्तान के बीच लियाकत-नेहरू समझौता। यह समझौता दोनों देशों में रह रहे अल्पसंख्यकों के अधिकारों को सुरक्षित रखने और भविष्य में दोनों देशों के बीच युद्ध की संभावनाओं को खत्म करने के मकसद से किया गया था।
1973 : स्पेन के चित्रकार पाब्लो पिकासो का निधन। इन्हें 20वीं शताब्दी का संभवत: सबसे प्रभावी चित्रकार माना जाता है।
2013 : ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री मार्गेरेट थैचर का लंदन में निधन। वह ब्रिटेन ही नहीं, बल्कि किसी भी यूरोपीय देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और 20वीं शताब्दी में ब्रिटेन की एकमात्र प्रधानमंत्री थीं, जिन्होंने तीन बार लगातार यह पद संभाला।
2018 : सीरिया के पूर्वी घोउटा में विद्रोहियों के कब्जे वाले इलाके में कथित गैस हमले के बाद हवाई हमले, 80 से ज्यादा लोगों की मौत।
2023 : बुर्किना फासो में जिहादियों ने 44 लोगों की हत्या की। इसी दिन पूर्वी कांगो में विद्रोहियों के हमले में 22 लोगों की मौत।
2024 : मोजाम्बिक के उत्तरी तट पर एक नौका पलट जाने से उसमें सवार बच्चों समेत 90 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
2025 : टेलीविजन शृंखला ‘डेनिस दल मेनिस’ के चार सीजन में भूरे बालों वाले शरारती बच्चे की भूमिका निभाने वाले जे नॉर्थ का 73 साल की आयु में अमेरिका के लेक बटलर में निधन । इसी दिन डॉमिनिकन गणराज्य में नाइटक्लब की छत गिरने से 44 लोगों की मौत, 160 अन्य घायल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *