हेरोइन तस्करी में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
यमुनानगर{ गहरी खोज }: यमुनानगर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने 100 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले एक आरोपी को काबू किया गया था, जिसकी निशानदेही पर अब उसके साथी को भी हिरासत में लिया गया है।
गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान यमुनानगर निवासी मंजीत सिंह के रूप में हुई है। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी अनिल कुमार ने मंगलवार को बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ युवक नशीले पदार्थों की सप्लाई में संलिप्त हैं। इस आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले एक आरोपी को पकड़ा गया था।
पूछताछ के दौरान उसने अपने सहयोगी के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी मिलकर हेरोइन की आपूर्ति करते थे। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
