1 करोड़ 40 लाख ईरानी, देश के लिए जान कुर्बान करने को तैयार : राष्ट्रपति पेजेश्कियन

0
6178ebab0adf318feacb0b7895146556

तेहरान{ गहरी खोज }: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को तबाह करने की धमकी के महज कुछ घंटे पहले राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने बड़ा दावा किया है। ईरानी राष्ट्रपति ने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा कि देश की रक्षा के लिए जनता खुद को कुर्बान करने के लिए तैयार है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, “अब तक 14 मिलियन (1 करोड़ 40 लाख) से ज्यादा बहादुर ईरानियों ने ईरान की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान करने का ऐलान कर दिया है। मैंने भी ईरान के लिए अपनी जान कुर्बान की है, कर रहा हूं और करता रहूंगा।” बता दें कि ईरान की आबादी लगभग 90 मिलियन है।
पेजेश्कियन से पहले, देश के सुप्रीम काउंसिल ऑफ यूथ एंड एडोलसेंट्स के सचिव (युवा और खेल मामलों के उपमंत्री) अलीरेजा रहीमी ने ऊर्जा संयंत्रों के बाहर प्रबुद्ध ईरानी जनों और युवाओं को मानव श्रृंखला बनाने की सलाह दी थी। रहीमी ने सोशल मीडिया पोस्ट में भी लिखा, “हम सब हाथों में हाथ डालकर यह कहेंगे कि सार्वजनिक ढांचे पर हमला करना युद्ध अपराध है।”
इस बीच इजरायल की ओर से ईरान पर हमले लगातार जारी हैं। आईडीएफ ने मंगलवार को लोगों को ट्रेन से सफर न करने की चेतावनी जारी की। इसमें कहा गया है कि अगले 12 घंटे तक ट्रेन का इस्तेमाल न करें और रेल की पटरियों से भी दूर रहें। ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ के अनुसार सेना का मानना है कि आतंकी गतिविधियों के लिए रेल मार्ग का उपयोग किया जाता है।
आईडीएफ ने मंगलवार को एक्स पर बयान जारी कर कहा, “प्रिय नागरिकों, आपकी सुरक्षा के लिए हम आपसे अपील करते हैं कि अभी से लेकर रात 9 बजे (ईरान समय) तक पूरे देश में ट्रेन से यात्रा न करें। ट्रेन और रेलवे लाइनों के पास मौजूदगी आपको खतरे में डाल सकती है।” ट्रंप ने ईरान को होर्मुज खोलने के लिए मंगलवार रात 8 बजे (अमेरिकी समय) तक का समय दिया है, लेकिन इजरायल की चेतावनी उससे करीब 6.5 घंटे पहले खत्म हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *