प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शांति लौटने के बाद विकास के पथ पर अग्रसर असम: अमित शाह

0
image0015KLI

हैलाकांदी{ गहरी खोज }:आसन्न असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अंतिम चरण के प्रचार के दौरान बराक घाटी पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में असम में शांति वापस आई है और राज्य अब तेज गति से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
मंगलवार को बराक घाटी के तीन जिलों श्रीभूमि, हैलाकांदी और सिलचर में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया। श्रीभूमि जिला के पथारकांदी में भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु पाल, हैलाकांदी में भाजपा उम्मीदवार डॉ. मिलन दास के समर्थन में सभा में शामिल हुए। उसके बाद वे सिलचर में डॉ. राजदीप रॉय और उदारबंद सीट से राजदीप गोवाला के पक्ष में भी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
जनसभाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता और भाजपा सरकार के दौरान राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि असम को देश के अन्य विकसित राज्यों की तरह आगे बढ़ाया जाएगा और आने वाले पांच वर्षों में इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने भूमि पट्टा वितरण जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और श्रीभूमि में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया है। साथ ही, आने वाले समय में राज्य के समग्र विकास के लिए कई योजनाएं तैयार की गई हैं।
अमित शाह ने सिलचर के विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गुवाहाटी की दूरी को देखते हुए सिलचर को ही एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए गुवाहाटी जाने की आवश्यकता न पड़े। इसके अलावा किसानों के लिए भी विभिन्न सुविधाएं और योजनाएं लागू की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *