कॉपी के आरोपों को प्रियदर्शन ने किया खारिज, कहा- ऐसा होता रहता है

0
b4deu4mk_a1_625x300_26_February_26

मुम्बई{ गहरी खोज }:अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म ‘भूत बंगला’ चर्चा में है। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जारी हुआ है। इस हॉरर कॉमेडी फिल्म को लेकर प्रियदर्शन पर कॉपी करने के आरोप लगे हैं। कहा जा रहा है कि उन्होंने इस फिल्म के एक गाने में कथित तौर पर दिवंगत निर्देशक सत्यजीत रे के एक बंगाली गाने को कॉपी किया है। इसे लेकर अब प्रियदर्शन ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने क्या कहा? जानिए
हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला का गाना ‘राम जी आके भला करेंगे’ रिलीज के बाद से सुर्खियों में हैं। लोगों ने इस गाने के लिरिक्स और सत्यजीत रे की 1969 की फिल्म ‘गूपी गाइन बाघा बाइन’ के चर्चित गाने ‘भूतेर राजा दिलो बोर’ के बीच समानताएं होनी का बाते कही हें। बीते दिन ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर रिलीज हुआ। इस इवेंट में प्रियदर्शन से ‘भूत बंगला’ में बंगाली गाने ‘भूतेर राजा दिलो बोर’ की एक लाइन के इस्तेमाल के बारे में सवाल किया गया। निर्देशक ने गाना कॉपी करने के आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया है।
प्रियदर्शन ने साहित्यिक चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘मेरे मन में उनके (सत्यजीत रे) लिए बहुत सम्मान है। वे उन मास्टर्स में से हैं, जिनसे मैंने सिनेमा सीखा है। दूसरी बात, आप जिस शब्द की बात कर रहे हैं, वह है ‘भूत’। अब, अगर मैं आपसे पूछूं कि भारतीय सिनेमा में कितने गानों में ‘दीवाना’ शब्द का इस्तेमाल हुआ है? क्या इसका मतलब यह है कि जिस पहले व्यक्ति ने ‘दीवाना’ शब्द का इस्तेमाल किया था, सिर्फ उसी को इसे इस्तेमाल करने का अधिकार है? यह तो बस एक शब्द है। अगर कोई दो लाइनें इस्तेमाल करता है, तो हम भी कर सकते हैं, हर कोई कर सकता है,लेकिन धुन का गाने से कोई लेना-देना नहीं है’।
प्रियदर्शन ने कहा, ‘गीतकार ने वे लाइनें लिखी हैं और इसीलिए हमें पूरा भरोसा था कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। इसका एक संदर्भ भी है, क्योंकि फिल्म का नाम ‘भूत बंगला’ है और आपको यह भी समझना चाहिए कि पहले भी ‘भूत बंगला’ नाम की एक फिल्म बन चुकी है। जाहिर है, अब वही टाइटल दोहराया गया है। तो, ऐसी चीजें दोहराई जाती रहती हैं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। मैं सत्यजीत रे का भारतीय सिनेमा के भगवान की तरह सम्मान करता हूं’। बता दें कि फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव, जिशु सेनगुप्ता, असरानी, मिथिला पालकर और राजेश शर्मा हैं। यह फिल्म 16 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *