बीजेपी का स्थापना दिवस राष्ट्र सेवा, समर्पण और विचारधारा की यात्रा का प्रतीक : सीमा द्विवेदी

0
f4a6f32ed285b6ebbffd5747760b7d15

जौनपुर{ गहरी खोज }: यूपी के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला कार्यालय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक दल का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा, समर्पण और विचारधारा की यात्रा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना 1980 में हुई, लेकिन इसकी जड़ें भारतीय जनसंघ की राष्ट्रवादी विचारधारा में गहराई से जुड़ी हैं। पार्टी ने हमेशा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र को अपनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है।
प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि आज हमें उन महान विभूतियों को याद करना चाहिए, जिनके त्याग और तपस्या से संगठन इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाएं तथा समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करें।
विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रींसू ने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं। पूर्व सांसद के पी सिंह ने कार्यकर्ताओं से भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय भाषण में जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि भाजपा का इतिहास संघर्ष, संकल्प और सिद्धांतों का इतिहास है। यह केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से बनी पार्टी है। उन्होंने कहा कि जिले का हर कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने में पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है।संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष सारिका सोनी, जिला उपाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, राजकेशर पाल, दिव्यांशु सिंह, पंकज श्रीवास्तव, आमोद सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *