फर्जी आर्मी अफसर बनकर शादी के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

0
327c7b83bb9d7f389a1f5a814e4cf589

कैथल{ गहरी खोज }: जिला पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को फर्जी आर्मी अधिकारी मेजर बताकर युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। जांच के बाद उसे हिसार पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिला के गांव अवनीपुरा निवासी मेहरराज उद्दीन हजाम के रूप में हुई है। आरोपी ने ऑनलाइन वैवाहिक साइट ‘शादी डॉट कॉम’ पर निशांत सहारन के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर हिसार की एक युवती से संपर्क किया। खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताकर उसने युवती का विश्वास जीता और शादी का झांसा देकर करीब 30 हजार रुपये की ठगी कर ली। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी फर्जी पहचान को असली दिखाने के लिए चंडीगढ़ से आर्मी की वर्दी भी खरीदी थी। वह वर्दी पहनकर लोगों को खुद पर भरोसा दिलाता था, जिससे कोई उस पर शक न करे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अंबाला-हिसार हाईवे से गुजरने वाला है। इस पर कैथल पुलिस ने तितरम मोड़ पर नाकाबंदी की। जब संदिग्ध गाड़ी को रोका गया तो पूछताछ के दौरान आरोपी ने घबराहट में अपना असली नाम बता दिया। पुलिस को शक होने पर उसे हिरासत में लेकर जांच की गई और पीड़िता के परिजनों से पहचान करवाई गई, जिससे उसकी सच्चाई सामने आ गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2021 से 2023 तक चंडीगढ़ में वेटर का काम करता था। वर्ष 2025 में काम न मिलने के कारण उसने ठगी का रास्ता अपना लिया। इस संबंध में हिसार के थाना आजाद नगर में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *