वफादार कार्यकर्ताओं को ही मिले जिम्मेदारी, अवसरवादियों को नहीं: वसुंधरा राजे

0
917d92e09d1c89b15a9a3ec2eddbd596

जयपुर{ गहरी खोज }: पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर बड़ा संदेश देते हुए कहा कि संगठन के प्रति निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही राजनीतिक नियुक्तियों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। अवसरवादियों को महत्व देने से संगठन कमजोर होता है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के 46 साल के सफर में कई उतार-चढ़ाव आए हैं। इस दौरान कई लोग पार्टी से जुड़े और कई अलग भी हुए। कुछ लोग दल बदल लेते हैं, लेकिन उनकी सोच नहीं बदलती। ऐसे लोगों को पहचानना जरूरी है। राजे ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में पार्टी को मजबूत किया, संघर्ष किया और विचारधारा के प्रति समर्पण दिखाया, वही असली हकदार हैं।उन्होंने स्पष्ट कहा कि पद पाने के लिए नहीं, बल्कि संगठन के लिए काम करना चाहिए, पद अपने आप मिल जाएगा।
उन्होंने पार्टी के संस्थापक नेताओं श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और विजयाराजे सिंधिया के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन नेताओं ने विपरीत परिस्थितियों में संगठन की नींव मजबूत की। राजे ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी का विस्तार हुआ है और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ इस दिशा में काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री मंजू बाघमार सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाएं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *