मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी, ट्रॉफी-शील्ड ले उड़े चोर
भोपाल{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में वीआईपी सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर स्टोर रूम में रखी ट्रॉफियां, शील्ड, मेडल और प्रशस्ति पत्र चोरी कर लिए। पुलिस के मुताबिक यह घटना 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात की है, जबकि इसका खुलासा साेमवार की सुबह उस समय हुआ, जब सिक्योरिटी गार्ड ने स्टोर रूम का ताला टूटा देखा, तो अंदर रखा सामान गायब मिला।
जांच में सामने आया है कि जिस स्टोर रूम में चोरी हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिससे आरोपियों की पहचान करने में दिक्कत आ रही है। हालांकि, पुलिस अब आसपास के मकानों और सड़कों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव दोहरे ने बताया कि चोरी हुई सभी वस्तुएं मंत्री सारंग को विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मान स्वरूप मिली थीं। फिलहाल, चोरी गए सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका भी जताई जा रही है कि किसी परिचित या परिसर में आने-जाने वाले व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि यह एक वीआईपी क्षेत्र में हुई है, जहां आमतौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहती है। मंत्री आवास में इस तरह की चोरी ने सुरक्षा इंतजामों और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
