प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवादियों को घर में घुसकर मारती है भारतीय सेना: मुख्यमंत्री
भोपाल{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भारतीय सेवा सुरक्षा बल और एनएसजी कमांडो की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारी सेना दुश्मन के घर में घुसकर आतंकवादियों को मारती है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की ओर से आयोजित समग्र क्षमता निर्माण प्रदर्शन और प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कमांडोज की तुलना बजरंगबली से करते हुए कहा कि सीटीजी (काउंटर टेरेरिज्म ग्रुप) बनाने के लिए लगभग 200 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार है। राज्य सरकार पर इस आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे एनएसजी कमांडो ने जो अपनी क्षमता-योग्यता-बुद्धिमत्ता-निडरता-निर्भयता का अहसास कराया है, वह अद्भुत है। हमें इन पर गर्व है। भारत के ये एनएसजी कमांडोज देश का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं। ये दुनिया में अपनी विशेष पहचान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के सामने भारत की विशेष पहचान बन रही है।
उन्होंने कहा कि एनएसजी भारत का सुरक्षा कवच है। जब भी देश का पाला किसी संकट से पड़ता है, तब एनएसजी कमांडर न केवल हमें सुरक्षा देता है, बल्कि निर्भयता भी देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारी सेना दुश्मन के घर में घुसकर आतंकवादियों को मारती है। आज इसी मजबूती की आवश्यकता है।
सीएम मोहन यादव ने कहा, “हम किसी को छेड़ते नहीं, हम किसी को परेशान नहीं करते, लेकिन अगर कोई हमारे देश को कष्ट देने आएगा या छेड़ने आएगा, तो वो जमीन में गाड़ दिया जाएगा। हमारे सशस्त्र बलों ने हमें यह विश्वास दिलाया है। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि सुरक्षा बलों का यह संयुक्त अभ्यास संकल्प से सिद्धि का अभियान है।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हमने एक बहुत बड़े उद्देश्य की प्राप्ति की है। करीब 35 साल से ज्यादा समय से जिस नक्सलवादी आंदोलन ने मध्य प्रदेश को त्रस्त कर दिया था, वह अब नष्ट हो चुका है। मध्य प्रदेश नक्सलवाद से मुक्त राज्य है। यह सब हमारे बलों के कारण ही हुआ है।
उन्होंने कहा कि एनएसजी के करतब देखकर भोपाल की धरती धन्य हो गई है। जब हेलीकॉप्टर से जवान जा रहे थे, तो ऐसा लगा जैसे बजरंगबली जा रहे हों। हमने स्पाइडर मैन केवल पिक्चरों में देखा था, लेकिन कमांडोज ने हमें सामने से वैसा दृश्य दिखाया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि आतंकवादी खतरों से निपटने के लिए भोपाल के पास तुमड़ा की भूमि हम पर सेंटर बनाया जाएगा। इसके माध्यम से देश सेवा के लिए अपनी सफल भूमिका निभाएंगे।
