भाजपा स्थापना दिवस: हेमा मालिनी से कंगना रनौत तक, इन सेलेब्स ने दी पार्टी को मजबूती

0
849c98c405733b0794f7ea6869ccddf1

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। पिछले कई वर्षों में फिल्म, टीवी, संगीत और खेल जगत की कई हस्तियों ने बीजेपी में शामिल होकर राजनीति में कदम रखा है। कुछ सक्रिय सांसद के रूप में काम कर रहे हैं, तो कुछ पार्टी के मजबूत समर्थक बने हुए हैं।
भाजपा इन सेलेब्रिटीज की लोकप्रियता का इस्तेमाल युवा मतदाताओं और विभिन्न वर्गों तक अपनी बात और पहुंच बढ़ाने के लिए करती आ रही है। भाजपा में शामिल ये सितारे स्वीकारते हैं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासोन्मुख नीतियों और सुशासन से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़े।
बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ फेम अभिनेत्री हेमा मालिनी ने साल 2004 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला किया। वर्तमान में वे उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट से सांसद हैं और तीन बार चुनाव जीत चुकी हैं। इसी तरह, ‘गदर’ और ‘बॉर्डर’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए मशहूर अभिनेता सनी देओल ने 2019 में बीजेपी जॉइन की। उन्होंने पंजाब की गुरदासपुर लोकसभा सीट से सांसद के रूप में भी सेवा की। हालांकि, साल 2023 में उन्होंने घोषणा कर दी कि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनेंगे।
नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेत्री कंगना रनौत साल 2024 में बीजेपी में शामिल हुईं और मंडी (हिमाचल प्रदेश) से लोकसभा चुनाव लड़कर जीत हासिल की। वह वर्तमान में लोकसभा सांसद हैं। अभिनेता रविकिशन ने साल 2017 में भाजपा की सदस्यता ली थी। वह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से लोकसभा सांसद हैं और पार्टी की कई गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं। वह दो बार 2019 और 2025 सांसद निर्वाचित हो चुके हैं।
भोजपुरी गायक और अभिनेता मनोज तिवारी भी भाजपा में शामिल हैं। दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट लोकसभा क्षेत्र से तीन बार सांसद रह चुके हैं। मनोज तिवारी दिल्ली की उत्तर-पूर्वी लोकसभा सीट से साल 2014, 2019 और 2024 में सांसद चुने गए हैं। उन्होंने 2013 में भाजपा की सदस्यता ली थी।
वहीं, रामानंद सागर के टीवी शो रामायण फेम अरुण गोविल साल 2021 में बीजेपी में शामिल हुए और साल 2024 में मेरठ से लोकसभा चुनाव जीता। वह वर्तमान में सांसद हैं। टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री स्मृति ईरानी ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से मशहूर हैं। उन्होंने बीजेपी में शामिल होकर अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ा था। वह पूर्व में केंद्र सरकार में मंत्री और अमेठी की सांसद भी रह चुकी हैं।
दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र भी बीजेपी के साथी रह चुके हैं। बीकानेर लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और सांसद भी रहे। उन्होंने 2004 से 2009 तक सांसद के तौर पर सेवाएं भी दी थीं। बाद में उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली थी। अभिनेत्री जयाप्रदा भी बीजेपी में शामिल हो चुकी हैं और उन्होंने साल 2019 में भाजपा का दामन थामा था।
अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती साल 2021 में बीजेपी में शामिल हुए थे। वह पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के स्टार प्रचारक भी हैं। इसके अलावा, अनुपम खेर, मनोज जोशी, अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल जैसे सितारे बीजेपी में शामिल तो नहीं रहे मगर अक्सर समर्थन करते नजर आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *