रेलवे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को बढ़ाने के लिए ट्रेन कोच को बना रहा आधुनिक: अश्विनी वैष्णव

0
60d06c06099e4693c43dc91fbbc3757e

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय रेलवे लगातार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। इस दिशा में ट्रेनों के कोच पर भी ध्यान दिया जा रहा है। यह जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से दी गई। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,”यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने के लिए रेलवे ने नए डिजाइन के कोच और बेहतर टॉयलेट्स के मॉडल तैयार किए हैं। मौजूदा कोच को अपग्रेड कर एक सैंपल कोच तैयार किया गया है।” इसके साथ केंद्रीय मंत्री ने एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें अपग्रेड किए गए सैंपल कोच को दिखाया गया।
वीडियो में अपग्रेड किए गए कोच और टॉयलेट्स में जोड़ी गई सुविधाओं को दिखाया गया है। इससे यात्रियों के सफर को पहले के मुकाबले अधिक आरामदायक बनाने में मदद मिलेगी।
इससे पहले वैष्णव ने एक पोस्ट में कहा था कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट का कार्य तेजी से चल रहा है। वैष्णव ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के लिए लगभग 1500 एआई कैमरे लगाए जाएंगे, जो चप्पे-चप्पे की निगरानी करेंगे। हर कर्मचारी और वेंडर को आईडी कार्ड और जैकेट दी जाएगी, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके। साथ ही, भारत टैक्सी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन स्टेशन से जोड़ा जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर नए साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मार्च के मध्य में संसद को बताया कि भारतीय रेल से जुड़ी दुर्घटनाओं की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में भारी गिरावट आई है, और गंभीर दुर्घटनाओं में लगभग 90 प्रतिशत की कमी आई है। लोकसभा में लिखित जवाब में मंत्री ने कहा कि भारतीय रेल के लिए सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है, और निरंतर उपायों से परिचालन सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि गंभीर रेल दुर्घटनाओं की संख्या 2014-15 में 135 से घटकर 2025-26 (28 फरवरी तक) में मात्र 14 रह गई है। मंत्री द्वारा साझा किए गए आंकड़ों से पता चला कि 2004-05 से 2013-14 के दौरान 1,711 गंभीर रेल दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 904 लोगों की मौत हुई और 3,155 लोग घायल हुए। 2014-15 से 2023-24 के बीच यह संख्या घटकर 678 दुर्घटनाएं रह गई, जिनमें 748 लोगों की मौत हुई और 2,087 लोग घायल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *