चाय बागान श्रमिकों की पहली तीर्थयात्रा, अयोध्या में करेंगे श्रीराम के दर्शन

0
ram-mandir-ayodhya-new-rule-20082024

अयोध्या{ गहरी खोज }: असम के चाय बागानों में वर्षों से कार्यरत श्रमिकों की दुनिया अब बागानों की सीमाओं से बाहर निकल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से पहली बार तीर्थाटन पर निकली कर्मयोगियों की टोली रविवार तड़के अयोध्या पहुंचेगी, जहां उनके लिए विशेष दर्शन और कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है।
असम के चाय बागानों से पहली बार बाहर निकलकर तीर्थयात्रा पर आए श्रमिकों का पहला दल पांच अप्रैल को अयोध्या पहुंचेगा। यह पहल उस समय आकार ले सकी, जब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चाय बागानों में कर्मयोगियों से मुलाकात के दौरान उनके लिए तीर्थयात्रा की व्यवस्था का सुझाव दिया था।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मनोहारी टी एस्टेट प्रबंधन और अशोक सिंघल फाउंडेशन ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए श्रमिकों की यात्रा को प्रायोजित किया। वहीं, अयोध्या में दर्शन-व्यवस्था की जिम्मेदारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने संभाली है। निर्धारित कार्यक्रम के तहत श्रमिकों का पहला दल मनकापुर रेलवे स्टेशन से बसों द्वारा कारसेवकपुरम पहुंचेगा।
इसके बाद वे पवित्र सरयू नदी में स्नान करेंगे और विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन करते हुए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचेंगे। दोपहर दो बजे अंगद टीला पर श्रमिकों का सामाजिक सम्मिलन आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संतों और समाजसेवियों की उपस्थिति रहेगी।
इस अवसर पर मीडिया को भी आमंत्रित किया गया है। पहली बार बागानों से बाहर लंबी यात्रा पर निकले इन कर्मयोगियों के लिए यह तीर्थयात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि नई दुनिया से परिचय और सामाजिक अनुभव का भी महत्वपूर्ण अवसर बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *