लापता युवती प्रकरण में बढ़ा तनाव, परिजनों ने शीघ्र बरामदगी की उठाई मांग

0
ff07b80a541cb109348c642f6258bd43

यमुनानगर{ गहरी खोज }: जिले में 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। कई दिन बीतने के बाद भी युवती का कोई ठोस सुराग नहीं लगने से परिजनों और ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश बना हुआ है। बुधवार को परिजन ग्रामीणों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल से मिले और युवती की शीघ्र बरामदगी की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि युवती के लापता होने के बाद से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई परिणाम सामने नहीं आया है। पुलिस अधीक्षक ने मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि विभिन्न टीमें लगातार जांच में जुटी हुई हैं। मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें युवती एक युवक के साथ दिखाई दी और उसने स्वयं की इच्छा से उसके साथ जाने की बात कही। हालांकि, वीडियो के सामने आने के बावजूद युवती की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूत्रों के अनुसार इस प्रकरण में न्यायालय का भी रुख किया गया था, जहां संबंधित याचिका पर सुनवाई के बाद उसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। युवती के परिजनों और ग्रामीणों द्वारा पूर्व में पंचायत और सड़क जाम जैसे विरोध प्रदर्शन भी किए जा चुके हैं। लगातार हो रहे विरोध के चलते प्रशासन पहले से ही सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि युवती की सुरक्षित बरामदगी प्राथमिकता है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही मामले में स्पष्टता आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *