धोखाधड़ी के इनामी आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया
हरिद्वार{ गहरी खोज }: सिडकुल थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के एक इनामी आरोपी को बीते देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित आकाश उर्फ रोबिन पुत्र दिनेश, निवासी अकबरपुर गढ़ी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। आरोपित वर्ष 2025 से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
पुलिस के अनुसार 25 दिसंबर 2025 को सिडकुल स्थित एक कंपनी की खिड़की तोड़कर लगभग चार लाख पीस सिल्वर सीट चोरी कर ले जाने के संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित नितिन और आकाश उर्फ रोबिन को माल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में न्यायालय से जमानत मिलने के बाद आरोपित आकाश उर्फ रोबिन फरार हो गया था। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहा था।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और न्यायालय से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था। इसके बाद सक्रिय किए गए मुखबिर तंत्र की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इनामी आरोपित आकाश उर्फ रोबिन को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।
