केरल में नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर साधा निशाना और कहा- वे मैच-फिक्सर हैं, लोगों के लिए कुछ नहीं किया

0
17c0adf7a8327751f175a115bba0f4d5

कन्नूर{ गहरी खोज }: केरल के कन्नूर में चुनावी माहौल के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। अपने रोड शो के दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर मिलीभगत और जनता के लिए काम न करने के आरोप लगाए।
नितिन नवीन ने वायंथोड जंक्शन (मट्टनूर) से रोड शो की शुरुआत की, जो थलास्सेरी रोड लिंक मॉल जंक्शन तक गया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के उस आरोप को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि भाजपा और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) एक साथ काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “ये लोग मैच-फिक्सर हैं। चुनाव से पहले ही मैच फिक्स कर चुके हैं। भारत और केरल दोनों ने देखा है कि यूपीए सरकार के समय इन्होंने किस तरह चीजों को प्रभावित किया। इन्होंने केरल की जनता के लिए कुछ नहीं किया।”
नितिन नवीन ने सबरीमाला मुद्दे पर भी राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को घेरा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को शर्म आनी चाहिए। वे सबरीमाला मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं। इस पूरे मामले के असली जिम्मेदार राहुल गांधी, सोनिया गांधी, और एलडीएफ-यूडीएफ की सरकारें हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने इस मामले में सीबीआई से समयबद्ध जांच कराने और दोषियों को जवाबदेह बनाने का वादा किया है। भाजपा को केरल में एक मजबूत विकल्प के रूप में पेश करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि केरल की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ने के लिए तैयार है। लोग अब भाजपा को एक वास्तविक विकल्प के रूप में देख रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक एलडीएफ और यूडीएफ ने राज्य के लोगों की अनदेखी की, विकास को रोका, भ्रष्टाचार बढ़ाया और जनता की भलाई के बजाय अपने परिवारों को प्राथमिकता दी। भाजपा अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र भी पिछली सरकारों में प्रभावित हुए हैं और अब लोग बदलाव चाहते हैं। बता दें कि केरल में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 9 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को अन्य राज्यों के साथ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *