यह आसान विकेट नहीं था, परिस्थितियां बड़ा अंतर पैदा करती हैं: पार्थिव पटेल

0
sxdewsws-540x340

मुल्लांपुर{ गहरी खोज }: गुजरात टाइटन्स के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में पंजाब किंग्स के हाथों मिली तीन विकेट की हार के बाद कहा कि यह बल्लेबाजी के लिए आसान विकेट नहीं था और परिस्थितियों ने बड़ा अंतर पैदा किया। पंजाब किंग्स ने मंगलवार को खेले गए मैच में 163 रन के लक्ष्य को पांच गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। पार्थिव ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘एक टीम के तौर पर आप हमेशा चाहते हैं कि कड़ी चुनौती पेश करें। मुझे खुशी है कि हम मैच को आखिरी ओवर तक ले गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह बल्लेबाजी के लिए आसान विकेट नहीं था। पिछले तीन-चार दिन से यहां बारिश हो रही है और ग्राउंड्समैन ने विकेट तैयार करने में बहुत अच्छा काम किया। गेंद पुरानी होने के बाद थोड़ी रिवर्स स्विंग हो रही थी और थोड़ी रुक भी रही थी। पावरप्ले के बाद बल्लेबाजी करना आसान नहीं रहा।’’ पार्थिव ने कहा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं होने के बावजूद पंजाब के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
सीनियर स्पिनर युजवेंद्र चहल (28 रन दे कर दो विकेट) और तेज गेंदबाज विजयकुमार विशाक (34 रन देकर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से पंजाब ने गुजरात को कम स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनली ने आईपीएल में पदार्पण पर 44 गेंद में 72 रन की निर्णायक पारी खेलकर घरेलू टीम को जीत दिलाई।
पार्थिव ने कहा, ‘‘पंजाब के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की। अगर हम एक दो विकेट और ले लेते तो फिर 160 रन का लक्ष्य हासिल करना भी मुश्किल हो जाता। बारिश के कारण सूखी पिच बेहतर खेलने लगी। दूसरी पारी में गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आ रही थी। इस टी20 प्रारूप में परिस्थितियां बहुत बड़ा अंतर पैदा करती हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *