शीतला देवी मंदिर हादसा: भगदड़ में गई जानें, सीएम नीतीश ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा
पटना{ गहरी खोज }: बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा स्थित प्रसिद्ध शीतला देवी मंदिर में भगदड़ मचने से सात श्रद्धालुओं की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए छह लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने नालंदा जिले के बिहार शरीफ स्थित शीतला देवी मंदिर में हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना काफी दुखद है और इससे मर्माहत हूं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से चार-चार लाख रुपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये (कुल छह लाख रुपये) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। बताया गया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं तथा राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनका समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है। इधर, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट पर लिखा, “नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत ही पीड़ादायक है।
इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं।” उन्होंने आगे लिखा कि सरकार द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान की जा रही है। घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
