राहुल गांधी ने पूर्व सैन्य अधिकारी की मौत को लेकर उत्तराखंड सरकार को घेरा

0
d8198a4cb6e84f51f3e47a6f27932c58

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून में सोमवार सुबह टहलने निकले सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली लगने से मौत को लेकर उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
राहुल गांधी ने मंगलवार को एक्स पोस्ट में कहा कि दिनदहाड़े हुई यह हत्या साफ बताती है कि उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सरहद पर देश की रक्षा में जीवन समर्पित करने वाले ही आज अपने शहर में असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिक और कई समुदाय डर के साये में जीने को मजबूर हैं। भाजपा शासन में अपराधी बेखौफ और सुरक्षित हैं। कभी शांति और सुरक्षा की पहचान रहा उत्तराखंड आज हिंसा, हत्या और भय से घिरा हुआ है। उल्लेखनीय है कि राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे यह घटना हुई। मसूरी रोड पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो में सवार लोगों के बीच गाड़ी को पास न देने पर विवाद हुआ। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा कर टायरों पर फायरिंग की। उसी दौरान एक गोली सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे पूर्व ब्रिगेडियर को जा लगी। घायल ब्रिगेडियर वीके जोशी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *