राजस्थान बोर्ड 12वीं का परिणाम घोषित: बेटियों का दबदबा, कई टॉपर्स ने बनाए रिकॉर्ड

0
d97978f124d4564cef64715fcdfd64c2

जयपुर{ गहरी खोज }: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार सुबह कक्षा 12वीं आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस संकाय का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर कलक्ट्रेट से परिणाम जारी करते हुए टॉपर्स को फोन पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस वर्ष का परिणाम कई मायनों में खास रहा। साइंस संकाय में पांच विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से 99.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि आर्ट्स में तीन छात्रों ने 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बाजी मारी। कॉमर्स संकाय में 99.20 प्रतिशत अंकों के साथ एक छात्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
परिणामों में एक बार फिर छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। आर्ट्स और साइंस संकाय में लड़कियों का परिणाम प्रतिशत लड़कों से अधिक रहा, जबकि कॉमर्स में लड़कों ने बढ़त बनाई। हालांकि इस वर्ष कुल परिणाम प्रतिशत में पिछले साल की तुलना में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। आर्ट्स का परिणाम 97.54 प्रतिशत, कॉमर्स का 98.50 प्रतिशत और साइंस का 97.52 प्रतिशत रहा।
इस बार परिणाम समय से पहले घोषित कर बोर्ड ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च को समाप्त हुई थीं और पहली बार मार्च माह में ही परिणाम जारी किया गया। इससे पहले 10वीं का परिणाम भी 24 मार्च को घोषित किया जा चुका है।
परिणामों के बीच कई प्रेरणादायक कहानियां भी सामने आई हैं। श्रीगंगानगर की छात्रा नकिता ने गंभीर बीमारी के बावजूद 93.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, हालांकि इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। वहीं जालोर के किसान पुत्र मनोहर ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर मेहनत का परिचय दिया। जयपुर की वर्षा शर्मा ने केमिस्ट्री और गणित में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस वर्ष लगभग 9 लाख 10 हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर में खुशी का माहौल देखने को मिला और सफल विद्यार्थियों को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *