छोटे भाई ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, गिरफ्तार

0
5d166cae7cc0447e26347fb253f7b657

शिमला{ गहरी खोज }: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल के सराहन क्षेत्र में छोटे भाई द्वारा बड़े भाई की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले के अनुसार दोनों भाइयों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद पुरानी रंजिश के चलते छोटे भाई ने बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 मार्च की सुबह थाना झाकड़ी को सूचना मिली कि राई खड्ड स्थित शमशान घाट के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में पाया गया, जिसकी पहचान अनिल कुमार उर्फ काकू (35) निवासी गांव सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई।
मौके पर प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर और मुंह के पास चोटों के निशान और खून मिला। इससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद पुलिस ने थाना झाकड़ी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल का निरीक्षण विशेषज्ञ टीम की मौजूदगी में किया गया और मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराहन भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई और स्पष्ट होगी।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के छोटे भाई विक्रम (34) पर शक हुआ। भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार विस्तृत पूछताछ और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद उसकी संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने अपने बड़े भाई के साथ बैठकर शराब पी थी और उसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने बताया कि मामले की सभी परिस्थितियों की पुष्टि के लिए जांच अभी जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और बिना देरी मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों भाइयों के बीच पुरानी रंजिश की असली वजह क्या थी और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *