लखनऊ सुपर जाइंट्स का पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से, पंत पर रहेगा दबाव
लखनऊ{ गहरी खोज }: लखनऊ सुपर जाइंट्स बुधवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरूआत करेगी तो कप्तान ऋषभ पंत पर प्रदर्शन में सुधार का काफी दबाव रहेगा । पिछले साल लखनऊ टीम के साथ बतौर कप्तान और स्टार बल्लेबाज अपने पहले साल में पंत अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके थे । प्रमुख खिलाड़ियों खासकर तेज गेंदबाजों की चोटों ने उनकी मुश्किलें और बढा दी थी । इस साल उनके पास पूरी तरह से फिट टीम है और मोहम्मद शमी तथा एनरिच नॉर्किया जैसे अनुभवी गेंदबाजों के आने से आक्रमण मजबूत हुआ है । अक्सर चोटिल रहने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पिछले एक साल में अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है और लखनऊ को उम्मीद होगी कि वह उस भरोसे पर खरे उतरें जो टीम ने उन पर किया है ।
तेज गेंदबाज मोहसिन खान भी चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं जबकि प्रिंस यादव ने भी अपनी मध्यम तेज गेंदबाजी से प्रभावित किया है । स्पिनर दिग्वेश सिंह राठी ने पहले साल में ही अपने प्रदर्शन की छाप छोड़ी थी और वह उस प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे ।
गेंदबाजी की तुलना में लखनऊ की बल्लेबाजी बेहतर लग रही है । मिचेल मार्श और एडेन माक्ररम आईपीएल की सबसे खतरनाक सलामी जोड़ियों में से है । पिछले सत्र में चौथे नंबर पर कोई कमाल नहीं कर सके पंत ने तीसरे नंबर पर शतक जमाया था । वह तीसरे नंबर पर ही उतरेंगे जबकि निकोलस पूरन चौथे नंबर पर खेलेंगे ।
दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले सत्र में सात सलामी जोड़ियों को आजमाया लेकिन बात नहीं बनी । इस सत्र में उन्हें शीर्षक्रम में स्थिरता की उम्मीद होगी । केएल राहुल पारी का आगाज करेंगे लेकिन उनके साथ पृथ्वी साव, अभिषेक पोरेल या पाथुम निसांका में से कौन होगा, अभी तय नहीं है । मध्यक्रम को मजबूती देने के लिये डेविड मिलर को लाया गया है जबकि दक्षिण अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स भी टीम में हैं ।
चोट के कारण मिचेल स्टार्क पहला मैच नहीं खेल सकेंगे लेकिन दिल्ली का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत है । कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे दो मैच विनर उसके पास है । उनके साथ लुंगी एंगिडि भी हैं जो टी20 विश्व कप में जबर्दस्त फॉर्म में थे ।
टीमें :
लखनऊ सुपर जाइंट्स : ऋषभ पंत (कप्तान ), आयुष बडोनी, मैथ्यू ब्रीज्के, एडेन माक्ररम, निकोलस पूरन, अर्शिन कुलकर्णी, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, आकाश महाराज सिंह, आवेश खान, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह राठी, अर्जुन तेंदुलकर, मयंक यादव, वानिंदु हसरंगा, एनरिच नॉर्किया, जोश इंगलिस, अब्दुल समद, हिम्मत सिंह, नमन तिवारी, अक्षत रघुवंशी, मोहसिन खान, मनिमारन सिद्धार्थ, मुकुल चौधरी
दिल्ली कैपिटल्स : अक्षर पटेल (कप्तान), अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नीतिश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स,आशुतोष शर्मा, दुष्मंता चामीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, आकिब नबी दर, पाथुम निसांका, लुंगी एंगिडि, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, अजय मंडल, टी नटराजन, माधव तिवारी, करूण नायर, साहिल पारख ।
मैच का समय : शाम 7.30 से ।
