केसीपी (पीडब्ल्यूजी) कैडर गिरफ्तार, हथियार और आईईडी बरामद
इंफाल{ गहरी खोज }: मणिपुर में पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन केसीपी (पीड्ब्ल्यूजी) के एक कैडर को गिरफ्तार किया है। साथ ही भारत-म्यांमार सीमावर्ती इलाकों से एक अन्य अभियान में हथियार एवं आईईडी बरामद किया गया है। मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार, रविवार (28 मार्च) को इंफाल पश्चिम जिले में कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपल्स वॉर ग्रुप) [केसीपी – पीडब्ल्यूजी] से जुड़े एक कथित वसूली गतिविधियों में शामिल कैडर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मैबम पिंकू सिंह (42) के रूप में हुई है, जो चिंगमाथक पिशुम लेइराक का निवासी है। उसे इंफाल पश्चिम जिले में सिंगजामेई पुलिस थानांतर्गत संगाइप्रौ मामंग लेइकाई इलाके से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक मतदाता फोटो पहचान पत्र जब्त किया गया।
वहीं शनिवार (29 मार्च) को चलाए गए एक अलग अभियान में, सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले में मोरेह पुलिस थानांतर्गत एक दिन पहले एक अलग अभियान में, तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के बॉर्डर पिलर-73 के पास यांगौबुंग गांव से हथियारों और विस्फोटकों का एक जखीरा बरामद किया।
बरामद की गई वस्तुओं में छह 9 एमएम की पिस्तौल, छह 9 एमएम की मैगज़ीन, एक सिंगल-बैरल राइफल, 15 आईईडी और दो टैक्टिकल रेडियो सेट शामिल हैं। बताया गया है कि मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आईईडी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां जांच जारी रखे हुए हैं।
