संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने लगाई फांसी, मौत
कानपुर{ गहरी खोज }: शिवराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक ने रविवार संदिग्ध परिस्थितियों में बबूल के पेड़ से लटककर फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई। शिवराजपुर के चिरंजीवपुरवा गांव के रहने वाले परशुराम किसान हैं। उनकी पत्नी सोमिता की बीमारी के चलते पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में चार बेटे रविंद्र, अरविंद, सोनू (27) और रामसिंह है। पिता ने बताया कि सभी बेटे प्राइवेट जॉब करते हैं। बेटे सोनू की शादी पांच साल पहले शिवराजपुर के बीरामऊ निवासी मीरा के साथ हुई थी। उसके दो बेटे रेहांस व अंश हैं। शादी के बाद पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था, जिस वजह से बहू मायके में जाकर रहने लगी थी। यही कारण है कि कुछ समय से सोनू का अधिकांश समय ससुराल में ही बीतता था। बीते कुछ दिनों से वह किसी बात को लेकर परेशान था। आज उसने घर से कुछ दूरी पर स्थित बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
