राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 31 मार्च को सुबह 10 बजे, पहली बार मार्च में नतीजे

0
d97978f124d4564cef64715fcdfd64c2

जयपुर{ गहरी खोज }: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) की कक्षा 12वीं (आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस) का परीक्षा परिणाम मंगलवार, 31 मार्च को सुबह 10 बजे घोषित किया जाएगा। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर अजमेर स्थित बोर्ड कार्यालय से परिणाम जारी करेंगे। बोर्ड ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष का परिणाम कई मायनों में ऐतिहासिक रहने वाला है। पहली बार 12वीं का रिजल्ट मार्च महीने में ही घोषित किया जा रहा है। इससे पहले 10वीं का रिजल्ट 24 मार्च को जारी किया जा चुका है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड रहा, क्योंकि पहली बार 10वीं का परिणाम 12वीं से पहले घोषित हुआ।
इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 11 मार्च को समाप्त हुई थीं, जिनमें कुल 9 लाख 10 हजार 9 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा समाप्त होने के महज कुछ ही दिनों बाद परिणाम जारी किया जा रहा है, जिससे यह अब तक के सबसे कम समय में घोषित होने वाले परिणामों में शामिल हो गया है।
पिछले तीन वर्षों से राजस्थान बोर्ड के 12वीं परिणाम में लगातार सुधार देखा जा रहा है। कोरोना काल के दौरान परीक्षा नहीं होने पर परिणाम 99 प्रतिशत से अधिक रहा था, वहीं उसके बाद भी पास प्रतिशत में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। विद्यार्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर देख सकेंगे। परिणाम जारी होते ही वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक रहने की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक लिंक भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं। राज्य के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए यह दिन बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी परिणाम के आधार पर उनके उच्च शिक्षा और करियर की दिशा तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *