यात्रियों से भरी बस में लगी आग,कूदकर सभी ने बचाई जान
रायबरेली{ गहरी खोज }:उत्तर प्रदेश के रायबरेली में यात्रियों से भरी बस में अचानक आग लग गई। ग़नीमत रही कि सभी यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बस जलकर ख़ाक हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रायबरेली-प्रतापगढ़ राजमार्ग पर बुधवार देर रात अंसार बस सर्विस की एक बस यात्रियों को लेकर रायबरेली से सलोन जा रही थी। बस में करीब 28 लोग सवार थे। अचानक रायपुर महेरी गांव के पास बस धू-धू करके जलने लगी और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। बस आग का गोला बन गई थी। बस में आग लगने से उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यात्रियों ने नीचे कूदकर जान बचाई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस जलकर ख़ाक हो चुकी थी। भदोखर थाना अध्यक्ष राकेश चंद्रा के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं,जांच की जा रही है।
