वंदे भारत ट्रेन में भोजन की शिकायत पर आईआरसीटीसी पर 10 लाख का जुर्माना

0
fc8f0baa81f348ee79c6fdad413e43f8

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: रेल मंत्रालय ने 15 मार्च को ट्रेन संख्या 21896 (पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस) में भोजन की गुणवत्ता को लेकर यात्री द्वारा की गई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है। मंत्रालय के अनुसार, इस मामले में भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही संबंधित सेवा प्रदाता पर 50 लाख रुपये का दंड लगाते हुए उसका अनुबंध समाप्त करने के आदेश दिए गए हैं। रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता और गुणवत्ता उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि ट्रेन संख्या 21896 वंदे भारत एक्सप्रेस पटना से टाटानगर के बीच चलने वाली एक आधुनिक सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है, जो लगभग 450 किलोमीटर की दूरी तय करती है और इसमें ऑनबोर्ड कैटरिंग की सुविधा उपलब्ध रहती है। बताया गया है कि 15 मार्च को यात्रा के दौरान एक यात्री ने परोसे गए भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद रेलवे ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्रीमियम ट्रेनों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में रेलवे द्वारा निगरानी बढ़ाने, सेवा मानकों को सख्ती से लागू करने और जवाबदेही तय करने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
रेल मंत्रालय ने कहा कि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए गुणवत्ता नियंत्रण को और सख्त किया जाएगा तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *