राम नवमी के पावन अवसर पर घर लाएं 5 चीजें, वास्तु दोष होगा दूर और घर में आएगी सुख-समृद्धि
धर्म { गहरी खोज } : राम नवमी का पावन पर्व चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है। साल 2026 में राम नवमी का त्योहार 27 मार्च को है और इसी दिन महानवमी भी मनाई जाएगी। राम नवमी के पावन पर्व के दौरान भगवान राम की पूजा तो की ही जाती है साथ ही इस दिन कुछ चीजों को घर लाना भी बेहद शुभ माना जाता है। इन चीजों को घर लाने से वास्तु दोष दूर होता है और साथ ही पारिवारिक जीवन में आपको सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। आइए जानते हैं इन चीजों के बारे में।
राम नवमी पर इन 5 चीजों को घर लाना शुभ
तुलसी का पौधा
भगवान राम को विष्णु भगवान का अवतार माना जाता है। ऐसे में भगवान विष्णु की प्रिय तुलसी को राम नवमी के दिन घर लाना बेहद शुभ माना जाता है। तुलसी को घर लाकर आपको भगवान का आशीर्वाद तो प्राप्त होता ही है साथ ही घर में मौजूद वास्तु दोष भी दूर होता है। रामनवमी पर तुलसी घर लाकर सुख-समृद्धि की भी आपको प्राप्ति होती है।
शंख लाएं घर
राम नवमी के पावन पर्व के दौरान आपको शंख घर लाना चाहिए। शंख घर लाने से और पूजा के दौरान शंखनाद करने से आपके जीवन में सकारात्मकता आती है और घर में मौजूद नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है। इसके साथ ही माता लक्ष्मी का आशीर्वाद भी घर में शंख रखने से आप पाते हैं।
राम दरबार की तस्वीर लाएं घर
राम नवमी के पावन पर्व के दौरान श्रीराम दरबार की तस्वीर या फिर प्रतिमा घर लाना भी बेहद शुभ माना जाता है। राम दरबार में श्रीराम के साथ ही माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी विराजमान रहते है। राम दरबार घर लाने से आपके पारिवारिक जीवन में खुशियां आती हैं और सीता-राम का आशीर्वाद आपको प्राप्त होता है।
घर लाएं श्रीराम यंत्र
अगर आप राम नवमी के दिन श्रीराम यंत्र घर में स्थापित करते हैं तो घर पर बुरी नजर नहीं लगती और घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता है। इसके साथ ही परिवार के लोगों के बीच सामंजस्य बना रहता है और जीवन की कठिनाइयां भी श्रीराम यंत्र स्थापित करने से दूर होती हैं।
चांदी का सिक्का
राम नवमी के दिन अगर आप चांदी का सिक्का घर लाते हैं और सीता-राम जी की पूजा के दौरान इसे अर्पित करते हैं तो शुभ फल आपको जीवन में प्राप्त होते हैं। चांदी का सिक्का घर लाने से भगवान श्रीराम की कृपा तो आपको प्राप्त होती ही है साथ ही कुंडली में मौजूद चंद्र दोष भी दूर होता है।
