मुंबई में ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, महिला तस्कर गिरफ्तार

0

मुंबई{ गहरी खोज }: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) ने एक महिला ड्रग्स माफिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय नाजिया मंसूरअली सैय्यद के रूप में हुई है, जो बांद्रा समेत कई इलाकों में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, नाजिया न केवल खुद ड्रग्स बेचती थी, बल्कि अपने नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों के जरिए भी शहर के विभिन्न हिस्सों में हेरोइन की सप्लाई करवाती थी। वह खासतौर पर बांद्रा पूर्व और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय थी, जहां से उसका पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा था। इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब नाजिया के ड्रग्स तस्करी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में उसके अवैध कारोबार की झलक सामने आने के बाद पुलिस महकमा अलर्ट हो गया और तुरंत कार्रवाई शुरू की गई। एएनसी की बांद्रा यूनिट ने तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई। इसके बाद पुलिस टीम ने बांद्रा पूर्व स्थित गरीब नगर झोपड़पट्टी इलाके में छापा मारकर नाजिया को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 4 लाख 80 हजार रुपए कीमत की हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि नाजिया किसी बड़े ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल पुलिस उसके सप्लाई चैन, संपर्कों और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी के बाद मुंबई में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। साथ ही वायरल वीडियो के स्रोत और उसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *