तेज आंधी में घर पर पेड़ गिरा, महिला की मौत, दो बच्चे घायल
किशनगंज{ गहरी खोज }: जिले के बहादुरगंज नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 16 स्थित सताल इस्तमरार गांव में शुक्रवार देर रात आई तेज आंधी ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया। आंधी के दौरान घर के समीप स्थित एक आम का पेड़ टूटकर मकान पर गिर गया, जिससे घर में सो रही एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हो गए। मृतका की पहचान सताल इस्तमरार निवासी तालु तुड्डू की पत्नी फूलमनी पवरडिया लगभग 32 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक तेज आंधी के साथ पेड़ गिरने से यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया है। वहीं, घायल दोनों बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। बताया जाता है कि दोनों बच्चों की हालत अब खतरे से बाहर है।
मृतका के पति ने बताया कि शुक्रवार रात भोजन करने के बाद पूरा परिवार सो गया था। इसी दौरान तेज आंधी आई और घर के पास खड़ा आम का पेड़ टूटकर घर पर गिर पड़ा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
