दिल्ली में स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश: तीन आरोपी गिरफ्तार, 6 मोबाइल फोन बरामद

0
202603213716187

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाते हुए ज्योति नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने दो स्नैचरों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी के कुल 6 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को ज्योति नगर थाने में एक स्नैचिंग की शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता एक महिला शिक्षक हैं, जिन्होंने बताया कि सुबह के समय वह विनय बेकरी के पास बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाश आए और उनका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। इस मामले में थाना ज्योति नगर में एफआईआर संख्या 114/26 के तहत बीएनएस की धारा 304(2)/317(2)/3(5) के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए एसएचओ इंस्पेक्टर वेद प्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई रवि, एएसआई नरेश, हेड कांस्टेबल अनुज, राहुल, अमित, राकेश और कांस्टेबल अनिल शामिल थे। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में साक्ष्य जुटाए और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहजान (21) पुत्र शकील, निवासी गली नंबर 5, ओल्ड मुस्तफाबाद और राजा मोहनीश (21) पुत्र हाजी उम्मेद, निवासी गली नंबर 2, ओल्ड मुस्तफाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी कामिल (22) पुत्र दावर हुसैन, निवासी गली नंबर 7, ओल्ड मुस्तफाबाद को भी गिरफ्तार किया गया, जो चोरी के मोबाइल फोन खरीदने का काम करता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें से तीन मोबाइल फोन संबंधित एफआईआर मामलों से जुड़े पाए गए हैं। इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी (डीएल3एसईबी2520) भी जब्त कर ली गई है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी सहजान पहले भी चोरी के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *