वन्य प्राणी तेंदुए की खाल के साथ सात आरोपित गिरफ्तार
काेंड़ागांव{ गहरी खोज }: जिले के वन परिक्षेत्र बड़ेडोंगर के उप परिक्षेत्र भण्डारवंडी अंतर्गत ग्राम बैलगांव के पास से वन विभाग की टीम ने आज शुक्रवार काे घेराबंदी कर वन्य प्राणी तेंदुए की खाल की तस्करी करते हुए 7 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है। केशकाल वनमण्डलाधिकारी दिव्या गौतम के मार्गदर्शन में राज्यस्तरीय उड़नदस्ता और वन विभाग की संयुक्त टीम ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। केशकाल वनमण्डलाधिकारी दिव्या गौतम ने बताया कि पकड़े गए आरोपिताें में संहगो नेताम (ग्राम बनचपई), शंकर नेताम (ग्राम बनचपई), जंगा कर्मा ( दंतेवाड़ा), प्रदीप कुमार वेकू (ग्राम बाधमूंडी पनेड़ा, बस्तर), बामन मण्डावी (ग्राम पोंदूम, दंतेवाड़ा), सोनू कोर्राम (ग्राम चौडंग, थाना बेनूर) और संतोष कुमार कवासी (ग्राम बाघमूंडीपनेडा, थाना गीदम) शामिल हैं। उन्हाेने बताया कि वन विभाग ने सभी आरोपिताें के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में कुछ अन्य मुख्य आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
