बैटरी बनाने की तकनीक पेश कर वोल्टा ने विज्ञान की दुनिया में मचाई धूम
नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: बैटरी के बिना आधुनिक जीवन की कल्पना संभव नहीं है। रोजमर्रा के काम में तरह-तरह की बैटरियों का इस्तेमाल किया जाता है। बैटरी से जुड़े इतिहास की बात करें तो इटली के महान वैज्ञानिक अलेसांद्रो वोल्टा ने 20 मार्च के दिन ही विश्व को बैटरी के विकास से जुड़ी इस खोज के बारे में पहली बार बताया। वोल्टा ने तांबे और जिंक की छड़ों को कांच के दो मर्तबानों में रखकर उन्हें नमक के पानी से भीगे एक तार से जोड़कर साबित किया कि इस भौतिक तरीके से बिजली बन सकती है।
20 मार्च 2019 को 1971 के बांग्लादेश युद्ध के समय भारतीय पनडुब्बी के दिग्गज कमांडर रहे कैप्टन एम एन सामंत का दिल का दौरा पड़ने से मुंबई में 89 साल की उम्र में निधन हो गया। दुश्मन के आगे अदम्य साहस के प्रदर्शन के लिए उन्हें महावीर चक्र प्रदान किया गया था। युद्ध के बाद सामंत ने बांग्लादेश की नौसेना के पहले चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में सेवा दी थी।
20 मार्च 2020 को करीब 51 वर्ष तक भारतीय फुटबाल की सेवा करने वाले महान फुटबालर पी के बनर्जी का कोलकाता में 83 साल की उम्र में निधन । एशियाई खेल 1962 के स्वर्ण पदक विजेता बनर्जी भारतीय फुटबाल के स्वर्णिम दौर के साक्षी रहे थे । उन्होंने भारत के लिये 84 मैच खेलकर 65 गोल किये । फीफा ने उन्हें 2004 में शताब्दी आर्डर आफ मेरिट प्रदान किया था ।
देश दुनिया के इतिहास में 20 मार्च की तारीख पर दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1602 : यूनाइटेड ईस्ट इंडिया कंपनी ऑफ नीदरलैंड की स्थापना।
1615 : मुगल बादशाह शाहजहां और मुमताज महल के सबसे बड़े पुत्र दारा शिकोह का जन्म।
1739 : नादिरशाह ने दिल्ली की सल्तनत पर कब्जा किया। मयूर सिंहासन में जड़ा कोहिनूर हीरा एवं अन्य रत्न लूटे।
1800 : अलेसांद्रों वोल्टा ने इलेक्ट्रिक बैटरी की खोज के बारे में सूचना दी।
1916 : अल्बर्ट आइंस्टीन के सापेक्षता के सिद्धांत का प्रकाशन।
1952 : टेनिस खिलाड़ी आनंद अमृतराज का जन्म।
1956 : ट्यूनीशिया को फ्रांस से स्वतंत्रता मिली।
1970 : संविधान सभा के सदस्य और प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी जयपाल सिंह मुंडा का निधन।
2006 : अफगानिस्तान के विदेश मंत्री ने दावा किया कि ओसामा बिन लादेन पाकिस्तान में है।
2014 : लेखक पत्रकार खुशवंत सिंह का निधन।
2018 : सीरिया के घोउटा में एक स्कूल पर हुए हवाई हमले में 15 बच्चों की मौत।
2019 : 1971 के बांग्लादेश युद्ध के समय भारतीय पनडुब्बी के दिग्गज कमांडर रहे कैप्टन एम एन सामंत का दिल का दौरा पड़ने से मुंबई में 89 साल की उम्र में निधन।
2020 : करीब 51 वर्ष तक भारतीय फुटबाल की सेवा करने वाले महान फुटबालर पी के बनर्जी का कोलकाता में 83 साल की उम्र में निधन ।
2021 : भारतीय क्रिकेट टीम ने अहमदाबाद में इंग्लैंड को 36 रन से हराकर पांच मैच की टी-20 सीरीज पर 3-2 से कब्जा किया।
2023 : भारत और जापान ने वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को विस्तार देने का संकल्प लिया।
2025 : जिम्बाब्वे की खेल मंत्री और ओलंपिक में दो बार की स्वर्ण पदक विजेता तैराक क्रिस्टी कोवेंट्री को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) का अध्यक्ष चुना गया, वह वैश्विक ओलंपिक संस्था का नेतृत्व करने वाली पहली महिला और अफ्रीका की पहली सदस्य बनीं।
