देश में गैस की सप्लाई सामान्य: केंद्र
Mundra: LPG tanker Shivalik, carrying liquefied petroleum gas, arrives at Mundra Port in the Kutch district of Gujarat after crossing the Strait of Hormuz, Monday, March 16, 2026. (IANS/Video Grab)
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्र सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते एलपीजी की स्थिति चिंताजनक होने के बावजूद देश में एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की सप्लाई सामान्य है। सरकार ने दावा किया है कि कच्चे तेल की आपूर्ति पर्याप्त है। रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और पेट्रोल पंपों पर कोई कमी नहीं है। फारस की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में सभी भारतीय जहाज सुरक्षित हैं और व्यापार प्रभावित नहीं हुआ है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने कुवैत के क्राउन प्रिंस से बातचीत कर क्षेत्रीय शांति और भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर चर्चा की है।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने गुरुवार को रोजाना अंतर्मंत्रालयी पत्रकार वार्ता में कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते एलपीजी की स्थिति चिंताजनक है लेकिन देशभर में सभी ऑपरेशन सामान्य हैं। एलपीजी और पीएनजी उपभोक्ताओं को उच्चतम प्राथमिकता दी गई है। कच्चे तेल की आपूर्ति पर्याप्त है और रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है। घरेलू पीएनजी और सीएनजी की सप्लाई 100 फीसदी सुनिश्चित है।
उन्होंने कहा कि जो राज्य सरकारें पीएनजी नेटवर्क विस्तार में सहयोग करेंगी, उन्हें 10 फीसदी अतिरिक्त एलपीजी दी जाएगी। हाल के दिनों में सवा लाख घरेलू और वाणिज्यिक कनेक्शन दिए गए हैं और पिछले तीन दिनों में 5,600 से अधिक उपभोक्ता एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट हुए हैं। ऑनलाइन बुकिंग 94 फीसदी तक बढ़ गई है और 83 फीसदी सिलेंडरों की डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड से की जा रही है। कल 57 लाख रिफिल बुकिंग दर्ज की गईं।
उन्होंने कहा कि 31 राज्यों में मॉनीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं और 25 राज्यों में जिलास्तरीय कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं। सभी जिलाधिकारियों और फूड एंड सप्लाई अधिकारियों को कालाबाजारी रोकने का प्राथमिक दायित्व दिया गया है। पूरे देश में कल करीब 600 रेड की गईं। उत्तर प्रदेश में 1,100 रेड के जरिए लगभग 1,000 सिलेंडर सीज किए गए, जिनमें 17 एफआईआर दर्ज हुईं और एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ। मध्यप्रदेश में 1,700 रेड में करीब 2,500 सिलेंडर जब्त किए गए।
केंद्रीय पत्तन, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि गल्फ क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में कोई घटना नहीं घटी है। फारस की खाड़ी और होरमुज जलडमरूमध्य में सभी भारतीय जहाज सुरक्षित हैं। 611 जहाज सुरक्षित हैं और किसी घटना की सूचना नहीं है।
महानिदेशालय शिपिंग जहाज मालिकों, एजेंसियों और भारतीय मिशनों के साथ समन्वय कर रहा है। पिछले 24 घंटे में कंट्रोल रूम ने लगभग 150 कॉल और 225 ईमेल के जवाब दिए हैं, जबकि 16 भारतीय जहाजों की वापसी समन्वित प्रयासों से हुई। मंत्रालय गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, केरल, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के बंदरगाहों और बोर्डों के साथ करीबी समन्वय में है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कल कुवैत के क्राउन प्रिंस से बातचीत की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचार साझा किए और हालिया घटनाक्रम पर चिंता जताई। प्रधानमंत्री ने कुवैत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर हमलों की निंदा दोहराई और होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित और स्वतंत्र नौवहन सुनिश्चित करने को भारत की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सतत राजनयिक संवाद को आवश्यक बताया। प्रधानमंत्री ने कुवैत में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण के लिए क्राउन प्रिंस का आभार व्यक्त किया और आगामी ईद पर्व की शुभकामनाएं दीं।
