एसबीआई के ऋण धोखाधड़ी मामले में अनिल अंबानी से पूछताछ

0
AA1JXqXt

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय स्टेट बैंक से जुड़े 2,929 करोड़ रुपये के लोन फ्रॉड मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को उद्योगपति अनिल अंबानी से पूछताछ की। सूत्रों ने बताया कि अंबानी आज सुबह यहां सीबीआई मुख्यालय पहुंचे, जहां एजेंसी के अधिकारियों ने उनसे सवाल-जवाब किए। पूछताछ का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहेगा। सीबीआई अब इस मामले में जुटाए गए दस्तावेजों और अंबानी के बयानों का मिलान करेगी।
इससे पहले आज सुबह अनिल अंबानी के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा था कि अंबानी 19 और 20 मार्च को सीबीआई के सामने पेश हो रहे हैं। यह पेशी एसबीआई की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के सिलसिले में है। प्रवक्ता ने कहा कि अंबानी सभी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और वे अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे।
उल्लेखनीय है कि एसबीआई की शिकायत पर सीबीआई ने पिछले साल अगस्त में अनिल अंबानी और रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत के अनुसार कंपनी पर विभिन्न बैंकों का कुल 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बकाया था, जिसमें से अकेले एसबीआई को 2,929.05 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। सीबीआई ने इस मामले में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया है।
पहले अनिल अंबानी के पक्ष ने कहा था कि यह शिकायत 10 साल से अधिक पुराने मामलों से जुड़ी है। उस समय अंबानी कंपनी के केवल नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे और वह रोजमर्रा के मैनेजमेंट या कामकाज में शामिल नहीं थे। इसके अलावा अंबानी ने एसबीआई द्वारा खुद को फ्रॉड घोषित किए जाने के फैसले को अदालत में चुनौती भी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *