विधानसभा चुनाव : एनटीके ने जारी किया घोषणापत्र, 49 विषयों पर कई महत्वपूर्ण वादे

0
cfee1fe9ca23e805dcbfd5c0cda3da23

चेन्नई{ गहरी खोज }: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 234 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने वाली पार्टी नाम तमिलर कांची (एनटीके) ने आज अपना चुनावी घाेषणा पत्र जारी कर दिया। पार्टी ने प्रशासनिक सुविधा के लिए तमिलनाडु के पांच शहरों को राजधानी के रूप में विकसित करने सहित 49 महत्वपूर्ण वादे किए हैं।
गुरुवार काे एनटीके पार्टी के मुख्य समन्वयक सीमान ने चेन्नई में पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। करीब 462 पृष्ठों के इस विस्तृत घोषणा पत्र में 49 विषयों पर कई महत्वपूर्ण वादे किए गए हैं। इनमें सबसे प्रमुख रूप से पार्टी ने प्रशासनिक सुविधा के लिए तमिलनाडु के पांच शहरों को राजधानी के रूप में विकसित करने का वादा किया है। एनटीके के मुख्य समन्वयक सीमान ने बताया कि घाेषणा पत्र में पार्टी ने प्रशासनिक राजधानी के लिए तिरुचिरापल्ली, तकनीकी राजधानी के लिए चेन्नई, औद्योगिक राजधानी के रूप में कोयंबटूर, सांस्कृतिक राजधानी के रूप में मदुरै और आध्यात्मिक/दार्शनिक राजधानी के रूप में कन्याकुमारी काे विकसित करने की बात कही है। सीमान ने बताया कि ये सभी शहर अपने-अपने क्षेत्र में विशेष भूमिका निभाएंगे। मुख्य समन्वयक सीमान ने बताया कि पार्टी ने सरकारी नौकरी, भ्रष्टाचार का पूर्ण उन्मूलन, और भ्रष्टाचार करने वाले सभी लाेगाें की संपत्ति जब्त, जल संसाधनों की सुरक्षा, मुफ्त स्वच्छ पेयजल, विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं, महिला अधिकार और दिव्यांगों के कल्याण को प्राथमिकता देने का वादा किया है। सीमान ने कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी घोषणा पत्र नहीं, बल्कि उनकी संभावित सरकार का कार्ययोजना (ब्लूप्रिंट) है।
उन्हाेंने मुफ्त योजनाओं की घोषणा पर आलोचना करते हुए कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य बुनियादी संरचनात्मक बदलाव लाना है। इसके अलावा एनटीके पार्टी के घाेषणा पत्र में 60 वर्ष से अधिक आयु के किसानों को पेंशन, एक वर्ष के भीतर चरणबद्ध तरीके से शराब की दुकानों को बंद करने, जाति आधारित आरक्षण को समाप्त कर “तमिल समुदाय” को प्राथमिकता देने, कॉलेज छात्रों के शिक्षा ऋण पूरी तरह माफ करने, नदी के पानी का उपयोग करने वाले सॉफ्ट ड्रिंक कारखानों पर प्रतिबंध लगाने, पेयजल की बिक्री पर रोक लगाकर सभी को मुफ्त पानी उपलब्ध कराने, अंग्रेज़ी माध्यम की मेडिकल पढ़ाई को तमिल भाषा में कराने और भरतिदासन द्वारा रचित ‘जीवन में सीधापन करने वाली’ गीत ही तमिल मां को शुभकामना के रूप में गाने का वादा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *