बड़े वाहनों के बॉडी निर्माता संघ के प्रतिनिधियों के साथ राहुल-प्रियंका ने गडकरी से मुलाकात की
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद भवन परिसर स्थित कार्यालय में बुधवार को राजस्थान के छोटे ट्रक एवं बस बॉडी बनाने वाले निर्माता संघ के प्रतिनिधियों के साथ उनके मुद्दों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की।
सूत्रों ने बताया कि इस दौरान निर्माता संघ ने सरकार द्वारा तय किए गए नए मानकों और अत्यधिक फीस को लेकर चिंता जताई। प्रतिनिधियों ने कहा कि इन नियमों और शुल्कों के कारण कई छोटे मैन्युफैक्चरर्स का काम बंद होने की स्थिति में है, जिससे लाखों परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।
बैठक में गडकरी ने राहुल गांधी और अन्य प्रतिनिधियों को बताया कि बस बॉडी बनाने वाले कई निर्माता नियमों का पालन नहीं करते हैं। कुछ निर्माता ऐसी बॉडी बना देते हैं कि आग लगने की स्थिति में यात्रियों के बाहर निकलने का रास्ता नहीं रहता। स्लीपर बसों में आग लगने की घटनाओं के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए मानक तय किए हैं और इनका पालन अनिवार्य है। गडकरी ने कहा कि सरकार छोटे निर्माताओं की चिंताओं पर विचार करेगी और समाधान की दिशा में काम करेगी।
