एनसीआर में बारिश का अलर्ट, और बेहतर होगी हवा, सुहावना बना रहेगा मौसम

0
202603183711963

नोएडा{ गहरी खोज }: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों यानी 19, 20 और 21 मार्च को एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। इस बारिश से न सिर्फ मौसम और भी सुहावना हो जाएगा, बल्कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी और सुधार देखने को मिलेगा।
स्थानीय मौसम रिपोर्ट और पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 18 मार्च को मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है। हालांकि, 19 मार्च से मौसम करवट लेगा। 19 और 20 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
इन दोनों दिनों अधिकतम तापमान क्रमश: 29 और 28 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 16 और 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 21 मार्च को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 22 और 23 मार्च को फिर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मुख्य रूप से साफ आसमान के आसार हैं।
मौसम विभाग ने अगले सप्ताह अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़ी बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार किया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। एक्यूआई में जबरदस्त सुधार, फिर और गिरावट के आसार बारिश की संभावना के बीच एनसीआर के विभिन्न शहरों में एक्यूआई में भी सुधार दर्ज किया गया है। शाम 4 बजे जारी अपडेट के अनुसार, नोएडा के चार सक्रिय स्टेशनों में से सेक्टर-62 में एक्यूआई 201 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी के निचले स्तर पर है। सेक्टर-125 में एक्यूआई 226, सेक्टर-116 में 219 और सेक्टर-1 में सबसे अधिक 260 दर्ज किए गए।
वहीं, गाजियाबाद में भी हवा की सेहत में सुधार देखा गया। इंदिरापुरम में एक्यूआई 239, वसुंधरा में 246 और सबसे अधिक लोनी में 284 दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में भी एक्यूआई में गिरावट आई है। आनंद विहार में एक्यूआई 262, अशोक विहार में 228, बवाना में 230, चांदनी चौक में 287 और आरके पुरम में 221 दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी बारिश के बाद इन आंकड़ों में और सुधार होने की संभावना है, जिससे लोगों को प्रदूषण से काफी राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *