एचपीवी टीकाकरण अभियान में मप्र बना देश में नंबर वन
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को दी बधाई
भोपाल{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश ने ह्यूमन पैपिलोमावायरस संक्रमण (एचपीवी) टीकाकरण अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। राज्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 14 वर्ष की एक लाख से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश अभियान के सफल क्रियान्वयन में देश में पहले स्थान पर काबिज हो गया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में मात्र 15 दिनों में प्रदेश की एक लाख से अधिक बेटियों को वैक्सीन लगाकर मध्य प्रदेश के देश में प्रथम रहने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध सुरक्षा का सशक्त कवच प्रदान करने के लिए प्रारंभ अभियान के प्रदेश में सफल क्रियान्वयन में इस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
