“होर्मुज बंद रहेगा, खाड़ी अरब पड़ोसी देशों पर जारी रहेंगे हमले”, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का पहला बयान

0
full48127

होर्मुज़{ गहरी खोज } : ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने कहा है कि जब तक युद्ध जारी रहेगा, तब तक होर्मुज़ जलडमरूमध्य बंद रहेगा। उन्होंने ईरानी सेना से इस रणनीतिक जलमार्ग का पूरा इस्तेमाल करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा खाड़ी अरब पड़ोसी देशों पर ईरान के हमले जारी रहेंगे।
खामेनेई की नियुक्ति के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक बयान है। गुरुवार को ईरान के सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार एंकर ने उनका संदेश पढ़कर सुनाया। इस दौरान खामेनेई कैमरे पर दिखाई नहीं दिए। इज़राइली आकलन के अनुसार युद्ध की शुरुआत में हुए हमले में उनके घायल होने की भी आशंका जताई गई है। मुजतबा खामेनेई ने अपने पहले बयान में कहा है कि मिडिल ईस्ट में मौजूद सभी अमेरिकी सैन्य अड्डों को तुरंत बंद कर देना चाहिए, नहीं तो उन पर हमला किया जाएगा।
खामेनेई ने ‘मीनाब स्कूल हमले’ के शहीदों का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान अपने हर नुकसान का बदला लेगा। अमेरिका को चेतावनी: उन्होंने कहा कि ईरान संयुक्त राज्य अमेरिका से अपने नुकसान का “मुआवजा” लेकर रहेगा। संपत्ति जब्ती की धमकी: यदि अमेरिका मुआवजा देने से इनकार करता है, तो ईरान अमेरिकी संपत्तियों को जब्त करेगा या उन्हें उसी स्तर तक नष्ट कर देगा।
धार्मिक संदर्भों का उपयोग करते हुए खामेनेई ने कहा कि ईरान की शक्ति पवित्र कुरान और अल्लाह के भरोसे में निहित है। उन्होंने ईरानी जनता और सेना के बीच अटूट संबंध की बात की और लोगों से आपसी मतभेदों को भुलाकर शत्रुओं के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा, “हमारे लड़ाके शत्रुओं को ऐसा जवाब देंगे कि उन्हें होर्मुज और अन्य मोर्चों पर आकर पछतावा होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *