आज़मगढ़ में मिनी ट्रक से 1.20 करोड़ का गांजा बरामद, अंतरराज्यीय तस्कर भी गिरफ्तार
- एसटीएफ लखनऊ और गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त कार्यवाही-मिनी कंटेनर ट्रक से 354 किलोग्राम छुपा के रखा था गांजा
आज़मगढ़{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में एसटीएफ लखनऊ और गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मिनी कंटेनर ट्रक से करीब 354 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपये है। यह गांजा छत्तीसगढ से लाया जा रहा था।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि थाना गम्भीरपुर क्षेत्र में एसटीएफ लखनऊ की टीम और गम्भीरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छत्तीसगढ़ प्रांत से एक मिनी कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा लाकर आजमगढ़ की ओर सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम प्रभारी उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी और थानाध्यक्ष गम्भीरपुर अखिलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अमौड़ा टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग करने लगे।
चेकिंग के दौरान टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर पहले एक मिनी कंटेनर ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम राजीव कुमार यादव पुत्र तिलक सिंह निवासी ग्राम सुरैंदा फूलपुर थाना अजीतमल जनपद औरैया बताया। वाहन की तलाशी लेने पर ट्रक में बनाई गई प्लास्टिक की गुप्त कैविटी में छिपाकर रखी गई 14 बोरियों से कुल 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त को गुरुवार की सुबह अमौड़ा टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से अवैध गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता है। पुलिस से बचने के लिए वह मिनी कंटेनर ट्रकों में बनाई गई गुप्त कैविटी और प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाकर ले जाता था, जिससे सामान्य चेकिंग में पकड़ में आने की संभावना कम रहती थी।
