भारत की टी-20 में ऐतिहासिक जीत

0
team-india-1
  • इरविन खन्ना
    संपादकीय { गहरी खोज }:
    अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय क्रिकेट टीम ने ऐतिहासिक जीत के साथ ही क्रिकेट इतिहास में एक नया गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया है। भारतीय टीम अब तक लगातार दो बार टूर्नामेंट जीतने वाली टीम बन गई। घर में टी-20 विश्वकप जीतने वाली टीम के साथ-साथ तीन बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है। टीम के कोच गौतम गंभीर ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 2028 में होने वाले ओलम्पिक में पहली बार खेले जाने वाले टी-20 कप को जीतने का लक्ष्य रखा है।
    टी-20 वर्ल्ड कप जीत में खिलाड़ियों के आपसी तालमेल और टीम भावना ने मुख्य भूमिका निभाई। सेमीफाइनल और फाइनल मैचों में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, बुमराह और शिवम दुबे तथा अक्षर पटेल जिस तरह खेले उसके लिए वह विशेष बधाई के पात्र हैं।
    टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद कोच गौतम गंभीर का यह कहना कि निजी हित से अधिक टीम के लिए खेलना अधिक महत्त्वपूर्ण है, यह बहुत महत्त्वपूर्ण और गहरी बात है। हमारे खिलाड़ियों के विश्व स्तर पर जितने अच्छे रिकार्ड हैं उनको देखते हुए भारत के पास ट्राफियां कम हैं, इसका मूल कारण सामूहिक सोच की कमी ही कही जा सकती है।
    टी-20 अब ओलम्पिक खेलों में 2028 में पहली बार खेला जाने वाला है, उसमें ‘मैं के स्थान पर हम’ की सोच के साथ अगर खिलाड़ी मैदान में उतरेगा तभी लक्ष्य की प्राप्ति हो सकेगी। खिलाड़ियों में जितनी टीम भावना मजबूत होगी उतना लक्ष्य प्राप्त करना आसान होगा।
    टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर जहां हर भारतीय, चाहे वह दुनिया के किसी भी भाग में बैठा है, खुश है लेकिन भारतीय क्रिकेट के कोच गौतम गंभीर ने जो व्यक्तिगत रिकार्ड से टीम रिकार्ड को प्राथमिकता देने की बात कही है उसको केवल क्रिकेट खिलाड़ियों को ही नहीं बल्कि प्रत्येक खिलाड़ी को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। देश का मान-सम्मान सबसे महत्त्वपूर्ण और ऊंचा है। निजी सफलताएं अगर देश के मान-सम्मान में योगदान नहीं डालतीं तो उनका महत्व भी कम हो जाता है।
    टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के पीछे क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा खिलाड़ियों को दिए जाने वाले आर्थिक संरक्षण और आईपीएल जैसे टूर्नामेंट के कारण पैदा हुए आत्मविश्वास व टीम भावना का ही परिणाम है कि भारत ने एक साथ कई रिकार्ड स्थापित किए। इसके लिए खिलाड़ियों और कोच के साथ-साथ टीम के साथ संबंधित सभी पक्षों को बधाई और शुभकामनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *