महिला सशक्तिकरण और शहरी विकास के संगम का साक्षी बनेगा भारत मंडपम: आयुक्त श्री भोंडवे

0
TN5-Bhopal120326032700

नई दिल्ली में 13 मार्च को आयोजित महोत्सव में मध्यप्रदेश की 300 अमृत मित्र महिलाएँ होंगी सम्मिलित
केंद्रीय मंत्री श्री खट्टर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को करेंगे सम्मानित

भोपाल{ गहरी खोज } : नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने बताया कि विभाग द्वारा शहरी महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में राज्य के 55 नगरीय निकायों में 312 स्व-सहायता समूहों की 1,028 महिलाओं को अमृत मित्र के रूप में ‘जल गुणवत्ता परीक्षण’ जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये समूह सार्वजनिक उद्यानों के रख-रखाव और केंद्र सरकार के ‘वुमन फॉर ट्रीज़’ कार्यक्रम के तहत पौधरोपण एवं उनकी सुरक्षा का दायित्व का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। अमृत मित्र महोत्सव में मध्यप्रदेश की लगभग 300 महिलाएँ उत्साहपूर्वक भाग लेंगी। इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों की अमृत मित्र महिलाएँ भी सम्मिलित हो रही हैं।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा अमृत 2.0 के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं के अतुलनीय योगदान को रेखांकित करने के लिये शुक्रवार 13 मार्च को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित ‘भारत मंडपम’ में “अमृत मित्र महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जा रहा है।इस राष्ट्रीय समागम में देशभर से ‘अमृत मित्र’ के रूप में कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाएँ, नगरीय निकायों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी सहभागिता करेंगे।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर अमृत मित्र पहल के अंतर्गत जल संरक्षण, स्वच्छता और शहरी प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित करेंगे। यह आयोजन उत्कृष्ट कार्य करने वालों के कार्यों को पहचान दिलाएगा। साथ ही महिला नेतृत्व के माध्यम से सतत शहरी विकास की संकल्पना को भी सुदृढ़ करेगा।

नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने नई दिल्ली जा रही सभी अमृत मित्र महिलाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि अमृत मित्र पहल शहरी विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व का एक प्रेरक उदाहरण है। आयुक्त श्री भोंडवे ने विश्वास व्यक्त किया कि मध्यप्रदेश की महिलाएँ इस राष्ट्रीय मंच पर राज्य के नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *