गिरिराज सिंह ने ‘भारत टेक्स 2026’ के तीसरे संस्करण का किया शुभारंभ

0
T20260311205696

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने दिल्ली स्थित उद्योग भवन में बुधवार को ‘भारत टेक्स 2026’ के तीसरे संस्करण का शुभारंभ किया। मंत्री ने कहा कि भारत मंडपम में 14-17 जुलाई तक आयोजित होने वाला यह मेला दुनिया का सबसे बड़ा एकीकृत वस्त्र आयोजन होगा।
गिरिराज सिंह ने मीडिया को बताया कि भारत के वस्त्र उद्योग को वैश्विक पटल पर नई पहचान देने और देश को दुनिया का सबसे विश्वसनीय ‘आपूर्ति गंतव्य’ बनाने के उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ‘भारत टेक्स 2026’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 5 एफ विजन फार्म, फाइबर फैक्ट्री, फैशन और फॉरेन का जीता-जागता उदाहरण है। यह मंच फाइबर और यार्न से लेकर तैयार परिधान तकनीकी वस्त्र तथा हस्तशिल्प तक पूरी ‘वैल्यू चेन’ को एक छत के नीचे लाएगा। मंत्री ने कहा, भारत टेक्स न केवल नवाचार और व्यापार का प्रदर्शन है बल्कि यह ‘मेक इन इंडिया’ की भावना के साथ वैश्विक वस्त्र अर्थव्यवस्था में भारत के बढ़ते नेतृत्व का भी प्रतीक है।
इस बार का आयोजन न केवल आकार में बल्कि प्रभाव में भी नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। 1.6 लाख वर्ग मीटर के विशाल परिसर में 3,500 प्रदर्शक अपनी तकनीक और शिल्प का प्रदर्शन करेंगे। दुनिया भर के 140 से अधिक देशों से करीब 7,000 खरीदार भारतीय बाजार की क्षमता को देखने पहुँचेंगे। कुल 1.3 लाख आगंतुकों के साथ यह वस्त्र जगत का सबसे बड़ा महाकुंभ बनने जा रहा है।
वस्त्र सचिव नीलम शमी राव ने कहा कि यह मेला एमएसएमई और स्टार्टअप्स को वैश्विक दर्शकों से जुड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि विपरीत वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारतीय कपड़ा उद्योग ने लचीलापन दिखाया है और अब नए एफटीए समझौतों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विविधता लाने का समय है। इस बार मध्य प्रदेश को ‘राज्य भागीदार’ के रूप में पहले ही घोषित किया जा चुका है। यह आयोजन भारत टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन (बीटीटीएफ) द्वारा संचालित किया जा रहा है जिसमें 11 निर्यात संवर्धन परिषदें शामिल हैं। बीटीटीएफ के अध्यक्ष नरेन गोयनका और सह-अध्यक्ष भद्रेश डोडिया ने विश्वास व्यक्त किया कि यह ‘मदर प्लेटफॉर्म’ भारतीय वस्त्रों की गुणवत्ता, गति और शक्ति का प्रमाण बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *