कठुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 162 ग्राम हेरोइन के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
कठुआ{ गहरी खोज }: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नगरी क्षेत्र के माही चक इलाके में लगभग 162.39 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद पुलिस पोस्ट नगरी परोल की टीम ने माही चक इलाके में विशेष नाका लगाकर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने फरमान अली पुत्र सराज दीन निवासी खंडवाल कोटपुन्नू तहसील मढ़हीन जिला कठुआ को संदिग्ध हालत में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 162.39 ग्राम हेरोइन जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और बरामद नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया। इस संबंध में थाना कठुआ में एफआईआर नंबर 121/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। कठुआ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस को 112 या 9858034100 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
