डॉक्टर के अपॉइंटमेंट के नाम पर 99 हजार की साइबर ठगी, पुलिस की सक्रियता से पूरी रकम वापस

0
92fbec8f31a8b76b185692c762122628

मीरजापुर{ गहरी खोज }: चिकित्सक से इलाज के लिए कॉल पर अपॉइंटमेंट दिलाने के नाम पर हुई 99 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में मड़िहान थाना की साइबर सेल टीम ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित की पूरी धनराशि वापस करा दी। खाते में पैसा लौटने के बाद पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार 8 अगस्त 2025 को ग्राम मरचा निवासी श्याम नारायण सिंह पुत्र राजमणी सिंह ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने चिकित्सक से इलाज के लिए कॉल पर अपॉइंटमेंट दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते से 99,000 रुपये की साइबर ठगी कर ली।
शिकायत मिलने के बाद मड़िहान थाना की साइबर सेल टीम ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में टीम ने संबंधित बैंक और मर्चेंट से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध खाते को होल्ड कराया।
जांच और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप साइबर फ्रॉड से निकाली गई पूरी धनराशि 99,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। बुधवार को पीड़ित श्याम नारायण सिंह थाना मड़िहान पहुंचे और पुलिस व साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान साइबर सेल टीम ने पीड़ित को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जागरूक रहने और अन्य लोगों को भी सतर्क करने की सलाह दी। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मड़िहान निरीक्षक बालमुकुंद मिश्रा तथा साइबर सेल टीम के आरक्षी कुलदीप पाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *