अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, नियमित अभियान चलेगा : नगर आयुक्त

0
39d73ae1e93a385d596dd74e8f3cd4bc

कानपुर{ गहरी खोज }: मुख्य मार्गों और फुटपाथों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमित अभियान चलाकर इन्हें हटाया जाएगा। यह बातें बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लेते हुए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सम्बंधित अधिकारियों से कही।
नगर आयुक्त ने आज मोतीझील, अमर जवान चौराहा, अशोक नगर, 80 फीट रोड, भदौरिया चौराहा, लेनिन पार्क चौराहा, पी रोड और गांधी नगर सहित कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान 80 फीट रोड से भदौरिया चौराहा होते हुए लेनिन पार्क तक फुटपाथों पर बड़ी संख्या में अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण पाए गए। कई स्थानों पर भवन स्वामियों द्वारा दीवारें बनाकर फुटपाथ घेर लिए गए हैं, जिससे राहगीरों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी और जोनल अभियंता-4 को संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने, यूजर चार्ज वसूलने और सप्ताह में दो दिन नियमित जांच करने के निर्देश दिए।
इसी तरह जरीब चौकी पी रोड से गोपाल सिनेमा होते हुए वनखंडेश्वर मंदिर चौराहे तक सड़क और फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित पाया गया। नगर आयुक्त ने इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए निरंतर अभियान चलाने, राजस्व निरीक्षक की तैनाती सुनिश्चित करने तथा अतिक्रमण करने वालों से यूजर चार्ज वसूलने और सामान जब्त करने के निर्देश दिए। पार्क ढाल पर जलकल पंप के बाहर सीएंडडी वेस्ट मिलने पर उसे तत्काल हटाने और जिम्मेदार से यूजर चार्ज वसूलने के निर्देश दिए गए।
गांधी नगर में पेयजल समस्या को लेकर भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन बदल दी गई है और जल्द ही शुद्ध पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। नगर आयुक्त ने तब तक क्षेत्र में प्रतिदिन पानी का टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान महाप्रबंधक जलकल, अधिशासी अभियंता जलकल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *