भाजपा की अदूरदर्शिता ने बुझाया ‘राम रसोई’ का चूल्हा- अयोध्या में गैस सिलेंडर की किल्लत पर बोली कांग्रेस

0
full47952

अयोध्या{ गहरी खोज }: खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध का असर अब भारत के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। उत्तर प्रदेश के अध्योध्या में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से कई इलाकों में किल्लत बढ़ गई है। स्थिति यह है कि गैस सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं और लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। अयोध्या में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने के कारण अमावा मंदिर स्थित राम रसोई में भोजन वितरण को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। यह राम रसोई राम मंदिर की दीवार से सटी हुई है, जहां श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराया जाता था।
इसे लेकर कांग्रेस पार्टी सरकार पर हमलावार हो गई है। पार्टी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि खाड़ी के युद्ध की आंच अब अयोध्या की ‘राम रसोई’ तक आ पहुंची है, जहाँ सिलेंडर की किल्लत ने भक्तों के निवाले पर ताला लगा दिया है। हनुमानगढ़ी के प्रसाद पर मंडराता संकट भाजपा सरकार के उस खोखले ‘मैनेजमेंट’ की पोल खोल रहा है, जो आपदा आने से पहले ही घुटने टेक चुका है।
जो सरकार भगवान राम के नाम पर सत्ता में आई, आज उसी के राज में राम रसोई का चूल्हा बुझना बेहद शर्मनाक है। क्या जनता ने इसीलिए वोट दिया था कि उन्हें अपनी आस्था और बुनियादी जरूरतों के लिए भी लंबी कतारों में खड़ा होना पड़े? भाजपा की ये अदूरदर्शिता आज हर श्रद्धालु और नागरिक के लिए भारी पड़ रही है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार रसोई में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित हो गई है, जिसके चलते भोजन बनाने में कठिनाई आ रही है। इसी कारण फिलहाल भोजन वितरण को अस्थायी तौर पर रोकने का निर्णय लिया गया है। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य होते ही राम रसोई में भोजन वितरण की सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *