प्रधानमंत्री ने कैबिनेट के फैसलों को बताया विकास की नई दिशा
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कैबिनेट के फैसलों को देश के विकास के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन पर कैबिनेट का निर्णय ग्रामीण भारत में सतत और भरोसेमंद नल जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग पोस्ट में कहा कि जल जीवन मिशन पर कैबिनेट का फैसला बुनियादी ढांचे के निर्माण से आगे बढ़कर नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण पर ध्यान केंद्रित करेगा। इससे जल सुरक्षा मजबूत होगी, स्वास्थ्य परिणाम बेहतर होंगे और ग्रामीण समुदायों, विशेषकर नारी शक्ति को सशक्त बनाया जाएगा।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु की वृद्धि और कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कैबिनेट ने मदुरै हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने की मंजूरी दी है। इससे दक्षिणी तमिलनाडु में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कैबिनेट ने एनएच-752डी के बदनावर-पेटलावद-थांदला-तिमरवानी खंड पर चार लेन कॉरिडोर के विकास को मंजूरी दी है। यह परियोजना यात्रा समय कम करेगी, लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाएगी और विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों में आर्थिक विकास को समर्थन देगी। प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में पूर्वी भारत में रेल कनेक्टिविटी और क्षमता बढ़ाने के फैसले का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने पश्चिम बंगाल और झारखंड के पांच जिलों में मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इससे दक्षता बढ़ेगी, भीड़भाड़ कम होगी, माल परिवहन को मजबूती मिलेगी और सतत, कम-कार्बन परिवहन को आगे बढ़ाया जाएगा।
