अयोध्या पहुंचा 11 सदस्यीय दक्षिण कोरियाई दल, मातामही रानी हाे को किया नमन
- महापौर ने किया स्वागत, स्मारक के विकास में सहयोग का वादा
- रानी हो के कारण अयोध्या को मिली वैश्विक पहचान: त्रिपाठी
अयोध्या{ गहरी खोज }: दक्षिण कोरिया का 11 सदस्यीय दल मंगलवार को अयोध्या पहुंचा और राजकुमारी सूरीरत्ना (दक्षिण कोरिया के गया राज्य की महारानी हेलो ह्वांग-ओक) के स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस दौरान महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने अपनी पत्नी श्रीमती राजलक्ष्मी त्रिपाठी के साथ कोरियाई प्रतिनिधि मंडल का अंग वस्त्र एवं प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान महापौर ने रानी हो मेमोरियल पार्क के विकास में हर संभव सहयोग का वादा किया। हाल ही में स्मारक नगर निगम ने पर्यटन विभाग से हस्तगत किया है। दक्षिण कोरिया गणराज्य का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इंचियोन ली क्वान एसोसिएशन के अध्यक्ष ली जिन ओके के नेतृत्व में अपनी मातामही रानी हो से जुड़ी स्मृतियों को ताजा करने मंगलवार को अयोध्या पहुंचा। दुभाषिया के माध्यम से हुई बातचीत में प्रतिनिधिमंडल ने रानी हो मेमोरियल पार्क में पूजा स्थल के विकास की आवश्यकता जताई। महापौर ने स्मारक के विकास में हरसंभव सहयोग का वादा किया। उन्होंने इसके लिए भारतीय दूतावास के माध्यम से पत्राचार करने का सुझाव दिया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आगामी 6 अक्टूबर को सौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रानी हो को नमन करने अयोध्या आएगा। उन्होंने अप्रैल में दक्षिण कोरिया में हो रहे कार्यक्रम में आने का निमंत्रण महापौर को दिया।
